3 दिन में दूसरा बड़ा झटका, IPS के बाद 17 IAS के तबादले, 7 एक्सटेंशन वाले आंजनेय सिंह की UP से विदाई।।
उत्तर प्रदेश प्रशासनिक गलियारों में देर रात का वक्त एक बार फिर बड़े फेरबदल का बना गवाह। शासन ने 17 आईएएस अधिकारियों के किए तबादले, प्रशासनिक ढांचे को नए सिरे से ढालने की कोशिश। तबादलों की लिस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह को लेकर है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार किसी अफसर को एक या दो बार सेवा विस्तार मिलना प्रशासनिक व्यवस्था में सामान्य बात मानी जाती है, लेकिन आंजनेय सिंह को केंद्र सरकार से एक-दो नहीं, बल्कि 7 बार एक्सटेंशन मिला। 8वीं बार सेवा विस्तार की फाइल आगे नहीं बढ़ी और कार्यकाल पूरा होते ही उन्हें मूल कैडर सिक्किम के लिए रिलीव कर दिया गया, इसके साथ ही यूपी में उनकी लंबी और चर्चित पारी का पटाक्षेप हो गया। रामपुर से सुर्खियों में आए, मुरादाबाद में संभाली कमान
आंजनेय कुमार सिंह सिक्किम कैडर के अफसर हैं और लंबे समय से उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति (Deputation) पर तैनात थे। रामपुर के जिलाधिकारी रहते हुए उनका नाम सबसे ज्यादा चर्चा में आया क्योंकि वह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़े मामलों, जैसे जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन पर कार्यवाही और चुनावी नियमों से जुड़े विवादों के दौरान लगातार सुर्खियों में रहे। मुरादाबाद मंडल
रामपुर के बाद जब उनका तबादला हुआ, तो उन्हें मुरादाबाद मंडल का आयुक्त बनाया गया। इस दौरान उनका कार्यकाल कई बार खत्म हुआ, लेकिन राज्य सरकार की सिफारिश पर केंद्र से सेवा विस्तार मिलता रहा। 8वीं बार एक्सटेंशन न मिलने के बाद वह छुट्टी पर चले गए थे और अब आखिरकार यूपी से उनकी विदाई हो ही गई। प्रशासनिक फेरबदल की मुख्य तैनातियों में
आंजनेय सिंह की जगह संगीता सिंह (तत्कालीन अलीगढ़ मंडलायुक्त) को मुरादाबाद मंडल का नया आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा शासन स्तर पर और भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। 1) संगीता सिंह: मंडलायुक्त, मुरादाबाद (पूर्व में अलीगढ़ मंडलायुक्त)।
2) सोम प्रकाश आर्य मंडलायुक्त, अलीगढ़ (पूर्व में सदस्य-न्यायिक, राजस्व परिषद प्रयागराज)।
3) गोरी शंकर प्रियदर्शी महानिदेशक (आयुष विभाग) एवं निदेशक (राष्ट्रीय आयुष मिशन)।
4) दीपा चौधरी प्रशासनिक सदस्य, राजस्व परिषद।
5) प्रमोद कुमार उपाध्याय आयुक्त, ग्राम्य विकास।
6) मासूम अली सरवर प्रबंध निदेशक, जल निगम (नगरीय) तथा निदेशक (अमृत योजना)।
7) डॉ. राज शेखर सचिव, नियोजन विभाग।
8) योगेश कुमार प्रबंध निदेशक, जल निगम (ग्रामीण)।
9) कुमार प्रशांत आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता विभाग।
10) गुरुत्ता श्रीनिवासुलु सचिव, राज्य सूचना आयोग।
11) अमृत पाल कौर संयुक्त प्रबंध निदेशक, यूपी सहकारी चीनी मिल्स संघ। बता दें कि आईएएस अफसरों की तबादला सूची आने से ठीक 3 दिन पहले, 21 अगस्त की देर रात पुलिस प्रशासन में भी फेरबदल किया गया था। उस समय 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर 7 जिलों के एसपी और एसएसपी बदले गए थे उस फेरबदल के तहत संभल के एसपी केके बिश्नोई को बिजनौर भेजा गया था, जबकि विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल की कमान सौंपी गई थी। इसके अलावा मेरठ, झांसी, सुल्तानपुर, गोंडा और बलरामपुर जिलों में भी नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई थी।
कानून-व्यवस्था से लेकर प्रशासनिक अमले तक किए गए बदलावों से साफ है कि शासन जिलों के कामकाज में नई कसावट लाने की तैयारी में है।


Comments
Post a Comment